CG BREAKING : पितृ भोज खाने के बाद 72 ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

बालोद 30 सितंबर 2024। बालोद से एक बड़ी खबर आ रही है। 72 ग्रामीणों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी लोग फूड प्वाइजनिंग के शिकार बताये जा रहे हैं। उनमें से कई बच्चों की हालत गंभीर बतायी जा रही है। सभी को अस्पताल में डाक्टरों की गहन निगरानी में इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक मामला बालोद जिले के डौंडीलोहारा ब्लाक के ग्राम खामभाट का है।

ग्रामीणों के मुताबिक सभी लोगों ने गांंव में ही पितृ भोज खाया था। जिसके बाद 72 ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गयी।  उल्टी दस्त के बाद तुरंत ही सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डाक्टरों के मुताबिक 72 लोगों में से 22 बच्चे भी शामिल। 2 ग्रामीणों की हालत गम्भीर है।

सभी ग्रामीणों को राजनांदगांव मेडिकल कालेज में रिफर किया गया है। आशंका है कि खेत से लगे बोर के पानी का इस्तेमाल कार्यक्रम में किया गया था, जिसकी वजह से ही ये परेशानी ग्रामीणों को हुई है। दूषित पानी को उल्टी दस्त की वजह बताया जा रहा है। इधर, गांव में अस्थाई मेडिकल कैम्प लगाकर स्वास्थ्य विभाग इलाज कर रहा है।