World Tourism Day 2024 : मप्र में आज मुफ्त करें संग्रहालयों, स्मारकों का भ्रमण…पर्यटन दिवस पर शासन ने दी सौगात

भोपाल। आज 27 सितंबर है। इस दिन को विश्व पर्यटन दिवस के रूप में मनाया जाता है। वर्ल्ड टूरिस्ट डे के मौके पर मध्य प्रदेश के संग्रहालयों और स्मारकों पर दर्शकों का प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है। यानी पर्यटक आज बगैर कोई शुल्क चुकाए संग्रहालयों और स्मारकों का भ्रमण कर सकते हैं। प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने इसका निर्देश जारी किया है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया के जरिए स्वयं इस बात की जानकारी दी।

मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने ‘एक्स’ हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर भोपाल के अधीन प्रदेश के सभी संग्रहालयों और स्मारकों में भारतीय एवं विदेशी सभी पर्यटकों/दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रखने का निर्णय लिया है। उन्होंने दूसरे राज्यों और विदेशी सैलानियों को भी आमंत्रित करते हुए कहा कि वे मध्य प्रदेश आएं और यहां के पर्यटन का आनंद उठाएं। आज दिनभर सैलानी प्रदेश के पर्यटन स्थलों में फ्री एंट्री का फायदा उठाकर घूम सकते हैं।

विदेशी पर्यटकों के लिए भी सुविधा


पर्यटन व संस्कृति विभाग द्वारा ये सुविधा सिर्फ देशी पर्यटकों के लिए नहीं, बल्कि विदेशी पर्यटकों को भी दी जा रही है। यानी किसी भी पर्यटन स्थल पर भ्रमण करने के लिए आज विदेशी पर्यटकों को भी कोई शुल्क नहीं चुकाना होगा।