Vedant Samachar

क्या आपके EPFO अकाउंट में भी नहीं दिख रहा ब्याज का पैसा? यहां जानिए तब क्या करें…

Vedant Samachar
2 Min Read

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 8.25% ब्याज दर खाताधारकों के खातों में डालना शुरू कर दिया है. हालांकि, कुछ खाताधारकों को ब्याज आने में थोड़ी देरी हो सकती है, इसलिए उन्हें सलाह दी जाती है कि वे ऑनलाइन स्टेटस जरूर चेक करें और जरूरत पड़े तो जरूरी कदम उठाएं.

क्यों होती है देरी?
EPFO की सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) हर साल पिछली वित्त वर्ष की जमा रकम पर ब्याज दर तय करती है, लेकिन दर घोषित होने के बाद ब्याज डालने में वक्त इसलिए लगता है क्योंकि हर खाते के लिए पूरा ब्यौरा निकालकर कैलकुलेशन किया जाता है.

बैंक की फिक्स्ड डिपॉजिट के उलट EPF का ब्याज हर महीने बनता है लेकिन अकाउंट में साल में एक बार ही क्रेडिट होता है. पासबुक में अपडेट देर से होने से आपको कोई नुकसान नहीं होता, जब तक आप पैसा निकाल नहीं रहे हैं.

ब्याज में देरी हो तो क्या करें
अगर आपकी पासबुक में काफी इंतजार के बाद भी ब्याज अपडेट नहीं हुआ है तो ये काम करें.

KYC डिटेल्स चेक करें: EPFO पोर्टल पर चेक करें कि आपका आधार, पैन और बैंक अकाउंट सही तरीके से लिंक और वेरिफाई हुआ है या नहीं.
पासबुक ऑनलाइन देखें: EPFO मेंबर पोर्टल या UMANG ऐप से अपनी पासबुक की ताजा डिटेल चेक करें.
शिकायत दर्ज करें: अगर फिर भी दिक्कत है तो EPFiGMS (EPF i-Grievance Management System) पोर्टल के जरिए ऑनलाइन शिकायत करें.


EPFO दफ्तर जाएं: अगर समस्या बनी रहे तो अपना UAN नंबर और पहचान पत्र लेकर नजदीकी EPFO दफ्तर जाकर मदद लें.
ज्यादातर खाताधारकों के खातों में ब्याज कुछ दिनों में अपडेट हो जाएगा, क्योंकि EPFO ने क्रेडिट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. अगर आपके खाते में फिर भी देर हो रही है तो पासबुक पर नजर रखें और जरूरत पड़ने पर ही कोई कदम उठाएं.

Share This Article