खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, 19 अप्रैल (वेदांत समाचार)। गंडई क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्यवाही जारी है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आपराधिक गतिविधियों पर लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 18.04.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मंगल तिवारी, कुम्हारपारा वार्ड क्रमांक 10, टावर के पास अपने वाहन की डिक्की में गांजा बिक्री हेतु छिपाकर रखा है।सूचना पर थाना स्टाफ एवं गवाहों को साथ लेकर उक्त स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की गई।
घेराबंदी के दौरान टावर के पास मोटरसाइकिल (टीवीएस एक्सएल 100) पर एक व्यक्ति बैठा मिला, जिसने पूछताछ पर अपना नाम मंगल तिवारी बताया।तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 BE 3339 की डिक्की के अंदर लाल-पीले रंग के कपड़े के थैले में भूरा पदार्थ पाया गया, जो शैलो टेप से लिपटा हुआ था। मौके पर गवाहों के समक्ष तलाशी एवं बरामदगी पंचनामा तैयार किया गया।गवाहों द्वारा पदार्थ की पहचान सूंघकर, रगड़कर, जलाकर एवं एनडीपीएस किट के माध्यम से की गई, जिससे पुष्टि हुई कि उक्त पदार्थ गांजा है।
बरामद गांजा कुल 02 किलोग्राम (कीमती ₹20,000) एवं प्रयुक्त मोटरसाइकिल (कीमती ₹10,000) सहित कुल जुमला ₹30,000 जप्त किया गया। आरोपी के पास मादक पदार्थ रखने एवं बिक्री संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए जाने पर उसके विरुद्ध धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया।आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जाएगा।
