रायपुर, 18 अप्रैल (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2.455 किलोग्राम गांजा और एक बिना नंबर की स्कूटी वाहन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1,72,750 रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल 2026 को उरला थाना क्षेत्र के मेटल पार्क रोड स्थित एक ढाबा के पास एक युवक द्वारा गांजा रखकर बिक्री करने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और उरला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
टीम ने मुखबिर के बताए हुलिए और वाहन के आधार पर संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भगवान नाथ योगी (22 वर्ष), निवासी तिवारी नवागांव मंदिर पारा, थाना कवर्धा, जिला कबीरधाम बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना उरला में अपराध क्रमांक 151/26 के तहत धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्कूटी को भी जब्त किया गया है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इस मामले में जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के आधार पर मामले की एंड-टू-एंड जांच जारी है, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
