KORBA:फर्नीचर दुकान में चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार — ₹18 हजार का सामान बरामद

कोरबा, 18 अप्रैल 2026। जिले में अपराधों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बालको नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फर्नीचर दुकान में चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया लगभग 18 हजार रुपये मूल्य का मशरूका बरामद किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, थाना बालको नगर क्षेत्र के परसाभाठा चौक स्थित लक्ष्मी फर्नीचर दुकान में बीती 30 मार्च की रात से 1 अप्रैल की सुबह के बीच अज्ञात चोर ने दुकान की छत की शीट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और विभिन्न उपकरण चोरी कर लिए थे। इस संबंध में प्रार्थी राजेश कुमार कश्यप ने थाना बालको नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। लगातार पतासाजी के दौरान 17 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदेही मुकेश कुमार महिलांगे (27 वर्ष), निवासी परसाभाठा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए उपकरण, जिनमें रमदा मशीन, ड्रिल मशीन, कटर मशीन, ग्राइंडिंग मशीन, हथौड़ी और पेचकस शामिल हैं, बरामद कर जप्त कर लिए हैं।

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले तथा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस की अपील: कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घर एवं प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण कायम रखा जा सके।