कोरबा, 02अप्रैल (वेदांत समाचार)। कोरबा जिले में एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलाकछार जंगल में आज सुबह दो युवकों के शव पेड़ पर लटके हुए मिले। एक साथ दो जिंदगियों के इस तरह खत्म होने की खबर ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। स्थानीय निवासियों के अनुसार मृतकों की पहचान प्रमोद और अमित के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक दोस्त थे।
स्थानीय निवासी जब सुबह जंगल की ओर गए, तब उन्होंने संदिग्ध परिस्थितियों में दोनों के शवों को एक ही क्षेत्र में पेड़ से लटका पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दृश्य इतना भयावह था कि देखते ही गांव में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही बालको पुलिस की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस हर संभावित एंगल (हत्या या सामूहिक आत्महत्या) से जांच कर रही है। इलाके के लोगों में इस बात को लेकर गहरी चर्चा है कि आखिर किन परिस्थितियों ने इन दो युवाओं को मौत के गले लगाने पर मजबूर किया या इसके पीछे कोई और साजिश है।
