रायगढ़, 17 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए रायगढ़ पुलिस ने ट्रांसपोर्टरों और संबंधित विभागों के साथ पुलिस कंट्रोल रूम में अहम बैठक की। नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में सड़क सुरक्षा को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में चालकों के चरित्र सत्यापन, ड्राइविंग लाइसेंस की जांच और यूनिफॉर्म अनिवार्यता पर जोर दिया गया। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती बरतते हुए ब्रीथ एनालाइजर जांच बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबी दूरी के चालकों के लिए सुरक्षित पार्किंग और विश्राम स्थलों की व्यवस्था विकसित करने पर भी चर्चा हुई।
जिला परिवहन अधिकारी ने ओवरलोडिंग, बिना फिटनेस वाहनों के संचालन और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। ट्रांसपोर्टरों के सुझावों पर नो-एंट्री समय, कबाड़ वाहनों और दृश्यता संबंधी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा में सभी की सहभागिता जरूरी है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
