बालोद में पागल कुत्ते का आतंक: 4 वर्षीय मासूम पर हमला, 17 जगह गंभीर जख्म, रायपुर रेफर

बालोद,17 अप्रैल (वेदांत समाचर)। जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिल्हाटीखुर्द में एक पागल कुत्ते ने जमकर आतंक मचाया। कुत्ते ने 4 वर्षीय मासूम बच्चे पर हमला कर उसे दौड़ा-दौड़ाकर बुरी तरह काट लिया, जिससे उसके शरीर पर 17 स्थानों पर गंभीर घाव हो गए। बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी ललित पाथरे का 4 वर्षीय नाती नादित्य पाथरे घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक एक पागल कुत्ता वहां पहुंचा और बच्चे पर हमला कर दिया। कुत्ते ने मासूम को जमीन पर गिराकर बेरहमी से नोचना शुरू कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग सहम गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बच्चे की जान बचाने के लिए उसके दादा ललित पाथरे तुरंत मौके पर पहुंचे और कुत्ते से भिड़ गए। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर बच्चे को छुड़ाने की कोशिश की। इस दौरान कुत्ते ने उन पर भी हमला करने का प्रयास किया, लेकिन वे किसी तरह सुरक्षित बच गए। ग्रामीणों की मदद से मासूम को कुत्ते के चंगुल से बाहर निकाला गया।

घटना के बाद घायल बच्चे को पहले डौंडीलोहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने पर उसे राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर भेज दिया। फिलहाल एक निजी अस्पताल में उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे की हालत स्थिर होने पर ऑपरेशन किया जाएगा।

ग्रामीणों ने बताया कि बच्चे के सिर, चेहरा, नाक, कान, होंठ, हाथ और पैरों सहित शरीर के 17 स्थानों पर गहरे घाव हैं। चेहरे पर गंभीर चोटों के कारण बच्चा अत्यधिक पीड़ा में है।

हमलावर कुत्ते ने केवल बच्चे ही नहीं, बल्कि गांव के 30 वर्षीय हुमन चंदेल, एक अन्य राहगीर और चार मवेशियों पर भी हमला किया। लगातार हमलों के कारण पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।

आक्रोशित ग्रामीणों ने आखिरकार कुत्ते को घेरकर मार गिराया। घटना के बाद गांव में भय और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा और हिंसक कुत्तों पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।

बताया जा रहा है कि मासूम नादित्य के पिता दीपक पाथरे का पिछले वर्ष निधन हो चुका है। ऐसे में यह हादसा परिवार के लिए एक और बड़ा आघात बनकर सामने आया है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने की भी अपील की है।