बलौदाबाजार, 17 अप्रैल 2026। जिले के सिमगा विकासखंड अंतर्गत ग्राम दामाखेड़ा में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एक मकान में अचानक आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा मकान जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने तुरंत फायर ब्रिगेड को मौके पर भेजा। नगर पालिका सिमगा और अपोलो कंपनी की मदद से पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक मकान और उसमें रखा घरेलू सामान पूरी तरह जल चुका था। आगजनी में कपड़े, बर्तन सहित दैनिक उपयोग की सभी वस्तुएं नष्ट हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दामाखेड़ा निवासी हीरालाल वर्मा (पिता शत्रुघन वर्मा) के मकान में यह आग लगी थी। घटना के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नुकसान का आकलन कराया और राहत प्रक्रिया शुरू की।
विशेष बात यह रही कि प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए महज 6 घंटे के भीतर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध करा दी। एसडीएम अतुल शेट्टे स्वयं ग्राम दामाखेड़ा पहुंचे और आरबीसी 6-4 के प्रावधानों के तहत स्वीकृत 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक पीड़ित परिवार को सौंपा।
एसडीएम ने बताया कि पटवारी से प्रतिवेदन प्राप्त कर त्वरित रूप से प्रकरण तैयार किया गया और सहायता राशि स्वीकृत की गई। इसके साथ ही पीड़ित परिवार के अस्थायी रहने की व्यवस्था अटल समरसता भवन में की गई है, ताकि उन्हें तत्काल राहत मिल सके।
इस त्वरित कार्रवाई से प्रशासन की तत्परता सामने आई है, वहीं स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन के इस कदम की सराहना की है।
