आम जनता की जेब पर वार या राहत की बहार? ईरान-इजराइल तनाव के बीच जानिए आपके शहर में क्या चल रहे हैं पेट्रोल-डीजल के दाम

नई दिल्ली,17 अप्रैल: वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता और मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बावजूद भारतीय उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। 17 अप्रैल को सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। कच्चे तेल की कीमतों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है। लेकिन भारत में ईंधन के दाम (Petrol Diesel Price) स्थिर बने हुए हैं। जिससे आम लोगों को राहत मिली है।

मिडिल ईस्ट तनाव और सप्लाई की चिंता
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष ने वैश्विक तेल सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ा दी है। खासतौर पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) को लेकर तनाव बना हुआ है, जहां से दुनिया की करीब 20% तेल सप्लाई गुजरती है। अगर यह तनाव लंबा खिंचता है, तो कच्चे तेल की कीमतों (Crude Oil Prices) में तेज उछाल आ सकता है। हालांकि, भारत फिलहाल स्थिति पर नजर रखते हुए कोई जल्दबाजी में फैसला नहीं कर रहा है।

प्रीमियम फ्यूल हुआ महंगा
जहां एक ओर आम पेट्रोल और डीजल के दाम स्थिर हैं, वहीं प्रीमियम फ्यूल की कीमतों में बढ़ोतरी देखी गई है। इंडियन ऑयल के XP100 पेट्रोल की कीमत 11 रुपये बढ़कर 160 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इसके अलावा Xtra Green डीजल भी महंगा हुआ है। इससे स्पष्ट है कि कंपनियां धीरे-धीरे लागत का असर प्रीमियम सेगमेंट में दिखा रही हैं।

देश के बड़े शहरों में ताजा रेट
देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल के दाम स्थिर हैं। दिल्ली में पेट्रोल 94.72 रुपये और डीजल 87.62 रुपये प्रति लीटर है। मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, अहमदाबाद और अन्य शहरों में भी कीमतें पहले जैसी ही बनी हुई हैं। यानी आम उपभोक्ताओं को फिलहाल किसी नए झटके का सामना नहीं करना पड़ा है।

चुनाव के बाद बढ़ सकते हैं दाम?
विशेषज्ञों का मानना है कि चुनाव के बाद पेट्रोल-डीजल की कीमतों (Petrol-Diesel Price) में बढ़ोतरी हो सकती है। एक रिपोर्ट के मुताबिक तेल कंपनियों को पेट्रोल और डीजल पर नुकसान हो रहा है। अगर कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर जाता है, तो भारत में भी कीमतें बढ़ सकती हैं। ऐसे में आने वाले समय में ईंधन की कीमतों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।