0.जांजगीर-चांपा जिले के अंगारखार गांव में आगजनी से लाखों का नुकसान, विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप
जांजगीर-चांपा । जिले के पंतोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अंगारखार गांव में एक हृदयविदारक आगजनी की घटना सामने आई है, जिसमें एक परिवार का पूरा आशियाना जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार गांव निवासी तुलसी लहरे के घर में अचानक शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में घर में रखा धान, चावल, दैनिक उपयोग का राशन, कपड़े तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज पूरी तरह जलकर खाक हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार इस घटना में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है, हालांकि वास्तविक आंकलन अभी शेष है। राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
पीड़ित परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि महज दो से चार दिन पहले ही बिजली विभाग द्वारा नया मीटर लगाया गया था, और उसी में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण यह आग लगी। ऐसे में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
घटना के कई घंटे बाद तक फायर ब्रिगेड के मौके पर नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन संसाधनों के अभाव में आग पर समय रहते पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका।
इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। उनका पूरा राशन और जीवनभर की जमा पूंजी पल भर में राख हो गई।
प्रशासन से मांग: पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा रहने और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, विद्युत विभाग की संभावित लापरवाही की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
यह घटना एक परिवार की पीड़ा के साथ-साथ प्रशासनिक तत्परता और जवाबदेही की भी परीक्षा है। समय रहते सहायता नहीं मिली, तो पीड़ित परिवार गंभीर संकट में घिर सकता है।
