कोरबा, 16 अप्रैल (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चोरी के एक मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस की इस कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से ₹60,000 नगद और एक सोने का मंगलसूत्र बरामद किया गया है। मामले में एक फरार आरोपी (सुनार) की तलाश अब भी जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में अपराधों पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत सिविल लाइन रामपुर थाना पुलिस ने इस चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई की।
प्रकरण में प्रार्थिया सुनीता डोंगरे, निवासी एमपी नगर कोरबा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 मार्च 2026 को उन्होंने अपने सोने के जेवरात अलमारी में सुरक्षित रखे थे। 28 मार्च 2026 को जब उन्होंने सामान देखा तो अज्ञात चोर द्वारा नेकलेस, मंगलसूत्र, झुमके और अंगूठी सहित करीब ₹1.50 लाख के जेवरात चोरी कर लिए गए थे।
मामले की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। संदेह के आधार पर आरोपी ऋषिकेश डोंगरे उर्फ ऋषि (19 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने खुलासा किया कि चोरी किए गए जेवरात को उसने अपने साथी रामहरी गिड्डे (44 वर्ष) के माध्यम से एक सुनार को बेच दिया था, जहां जेवरात को गलाकर नगद राशि में बदल दिया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के कब्जे से ₹60,000 नगद और लगभग 8.2 ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र बरामद किया है। शेष रकम आरोपियों द्वारा खर्च कर दी गई है। मामले में शामिल सुनार फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए), 317(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर 16 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों में कीमती सामान सुरक्षित रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना को दें, ताकि समय रहते अपराधों पर नियंत्रण किया जा सके।
