कोरबा, 16 अप्रैल(वेदांत समाचार)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के दीपका क्षेत्र द्वारा अधिग्रहित ग्राम हरदीबाजार, तहसील हरदीबाजार की भूमि के मुआवजा वितरण की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। इस संबंध में कार्यालय महाप्रबंधक, दीपका क्षेत्र द्वारा ग्राम सरपंच से आवश्यक सहयोग का अनुरोध किया गया है।
जारी पत्र के अनुसार, उक्त भूमि का अधिग्रहण कोयला धारक क्षेत्र (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के प्रावधानों के अंतर्गत किया गया था। अधिग्रहण से संबंधित अधिसूचनाएं धारा 9(1) के तहत क्रमशः 24 नवंबर 2004 एवं 15 मार्च 2010 को जारी की गई थीं।
एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर द्वारा प्रभावित भू-स्वामियों को देय मुआवजा राशि की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है, जिसके बाद अब मुआवजा वितरण की प्रक्रिया विधिवत शुरू की जाएगी।
प्रबंधन ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया है कि ग्राम हरदीबाजार के सभी संबंधित भू-स्वामियों को मुआवजा वितरण से संबंधित जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर मुआवजा प्राप्त कर सकें। इसके लिए चेक सूची भी तैयार की गई है।
एसईसीएल ने ग्राम सरपंच से अपील की है कि संबंधित क्षेत्र के सभी भू-स्वामियों को इस संबंध में सूचित किया जाए, जिससे मुआवजा वितरण का कार्य सुचारू एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सके।
