“ऑपरेशन प्रहार” में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 वाहनों से 21 लाख का अवैध कबाड़ जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 16 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 वाहनों से करीब 89.28 टन अवैध स्क्रैप कबाड़ जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 21 लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक ट्रक लावारिस हालत में बरामद हुआ है, जिसके वाहन स्वामी की तलाश जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और संग्रहण पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना पूंजीपथरा पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमार कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डीएसपी सुशांतो बनर्जी के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर अग्रोहा प्लांट के पास पार्किंग, तमनार चौक पूंजीपथरा और गेरवानी सलासर चौक क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान चार ट्रकों को अवैध कबाड़ परिवहन करते पकड़ा गया।

पहली कार्रवाई में ट्रक क्रमांक CG15EB9886 से करीब 25 टन 510 किलोग्राम कबाड़ बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 6.37 लाख रुपये है। चालक नीरज कुमार निवासी औरंगाबाद (बिहार) कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर वाहन सहित कुल 11.37 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

दूसरी कार्रवाई में तमनार चौक के पास ट्रक क्रमांक CG15AC1320 को पकड़ा गया, जिसमें करीब 24 टन 200 किलोग्राम कबाड़ लोड था। इसकी कीमत लगभग 6.05 लाख रुपये आंकी गई। चालक अबताब खान निवासी सरगुजा भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद कुल 15.05 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

तीसरी कार्रवाई महालक्ष्मी काटिंग प्रा.लि. के पास पार्किंग क्षेत्र में की गई, जहां ट्रक क्रमांक CG15EC9886 से करीब 4 टन 950 किलोग्राम कबाड़ बरामद हुआ। इसकी कीमत लगभग 1.23 लाख रुपये बताई गई। चालक एम.डी. अलीम निवासी पलामू (झारखंड) के पास भी वैध दस्तावेज नहीं पाए गए, जिसके बाद कुल 8.23 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

चौथी कार्रवाई गेरवानी सलासर चौक के पास की गई, जहां ट्रक क्रमांक CG07CC0311 से करीब 11 टन कबाड़ बरामद हुआ। इसकी कीमत लगभग 2.75 लाख रुपये आंकी गई। चालक शुभाष शर्मा निवासी बरगढ़ (ओडिशा) दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर कुल 9.75 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

इन सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ धारा 35 (क) (ड) बीएनएसएस/303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया।

इसके अलावा एक अन्य कार्रवाई में गेरवानी सलासर चौक के पास ट्रक क्रमांक CG04LE9157 लावारिस हालत में मिला, जिसमें करीब 23 टन 620 किलोग्राम कबाड़ लोड था। मौके पर चालक या वाहन स्वामी का कोई पता नहीं चलने पर पुलिस ने संदेह के आधार पर वाहन को जब्त कर धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए मालिक की तलाश शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि 14 अप्रैल को पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के प्रमुख उद्योगों और उनके प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें अवैध स्क्रैप कारोबार, टैक्स चोरी, जीएसटी धोखाधड़ी और औद्योगिक इकाइयों से धातु चोरी जैसे मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने उद्योग प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए कि वे केवल वैध दस्तावेजों के आधार पर ही कबाड़ की खरीद-फरोख्त करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ कारोबार, परिवहन और संग्रहण के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने उद्योगों से भी अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा, एएसआई उमाशंकर विश्वाल सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।