कोरबा, 16 अप्रैल(वेदांत समाचार)। डीएसपीएम ताप विद्युत संयंत्र को राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान मिलने पर फेडरेशन-01 ने हर्ष व्यक्त करते हुए प्रबंधन और कर्मचारियों को बधाई दी है। संयंत्र ने पावर लोड फैक्टर (PLF) और बिजली उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, डीएसपीएम संयंत्र ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में निर्धारित लक्ष्य से अधिक 91 प्रतिशत पीएलएफ अर्जित किया। इसके साथ ही 3800 मिलियन यूनिट से अधिक बिजली उत्पादन कर संयंत्र ने नया रिकॉर्ड बनाया, जिसके आधार पर उसे राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में 13 अप्रैल 2026 को डीएसपीएम कैंटीन में एक स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अभियंता संजीव कंसल का सम्मान किया गया। इस दौरान संयंत्र के अधिकारी, कर्मचारी, श्रमिक संघों के प्रतिनिधि और ठेका श्रमिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
फेडरेशन-01 की ओर से प्रांतीय संगठन सचिव सरोज राठौर के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने मुख्य अभियंता को पुष्प गुच्छ भेंट कर बधाई दी। प्रांतीय जोनल सचिव घनश्याम साहू ने अपने उद्बोधन में इस सफलता का श्रेय मुख्य अभियंता के अनुभव और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास को दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी तरह का उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखा जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को भी उठाया गया। फेडरेशन-01 ने उत्पादन आधारित इंसेंटिव और 1 अप्रैल से लागू नए श्रम कानून के तहत ओवरटाइम भुगतान शुरू करने की मांग की। इस पर मुख्य अभियंता संजीव कंसल ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि इस संबंध में प्रस्ताव उच्च प्रबंधन को भेजा जाएगा।
कार्यक्रम में फेडरेशन-01 के प्रांतीय प्रचार सचिव पवन दास, जोनल सचिव घनश्याम साहू, शाखा उपाध्यक्ष होमन देशमुख, कार्यालय सचिव बलजीत कंवर सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इस उपलब्धि को सभी ने संयंत्र के लिए गर्व का क्षण बताया।
