एक ही झटके में महंगी हुई ये पॉपुलर कार; कंपनी ने बढ़ाए ₹53,267, दमदार फीचर्स से लैस

स्कोडा ऑटो इंडिया ने अपनी प्रीमियम SUV कोडियाक की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है, जो तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है. इस बदलाव के बाद ग्राहकों को अब पहले के मुकाबले अलग-अलग वेरिएंट के हिसाब से अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी. कंपनी ने अधिकतम 53,267 रुपये तक का इजाफा किया है, जिससे ये SUV अब और महंगी हो गई है.

एंट्री-लेवल वेरिएंट कीमत
हालांकि, एंट्री-लेवल वेरिएंट लाउंज की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है और ये अभी भी 39.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) पर उपलब्ध है. वहीं, स्पोर्टलाइन वैरिएंट की कीमत में 22,600 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद इसकी नई कीमत 43.99 लाख रुपये हो गई है. टॉप मॉडल एल एंड के (L&K) वैरिएंट पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है, जिसकी कीमत 53,267 रुपये बढ़कर अब 46.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) हो गई है.

फीचर्स और परफॉर्मेंस
अगर फीचर्स और परफॉर्मेंस की बात करें, तो स्कोडा कोडियाक अपने सेगमेंट में एक प्रीमियम और पावरफुल SUV मानी जाती है. इसमें 2.0-लीटर का टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 201 बीएचपी की पावर और 320 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है. इसके साथ 7-स्पीड DSG गियरबॉक्स और ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम मिलता है, जो इसे शहर और खराब रास्तों दोनों पर बेहतर ड्राइविंग अनुभव देता है. कंपनी के अनुसार, यह SUV करीब 14.86 किमी प्रति लीटर का माइलेज देती है.

कार का डिजाइन
डिजाइन के मामले में भी नई जनरेशन कोडियाक पहले से ज्यादा आकर्षक और स्पेशियस हो गई है. इसकी लंबाई में बढ़ोतरी की गई है, जिससे केबिन में खासतौर पर दूसरी और तीसरी रो के यात्रियों के लिए अधिक जगह मिलती है. इसके अलावा, इसमें कई सिम्पली क्लेवर फीचर्स दिए गए हैं, जो रोजमर्रा के इस्तेमाल को आसान बनाते हैं.

किससे होगा मुकाबला
फीचर लिस्ट भी काफी लंबी है. इसमें 12.9 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, तीन-ज़ोन क्लाइमेट कंट्रोल और 360-डिग्री कैमरा जैसे आधुनिक फीचर्स मिलते हैं. टॉप वैरिएंट में वेंटिलेटेड, हीटेड और मसाज फंक्शन वाली सीट्स भी दी गई हैं.भारतीय बाजार में स्कोडा कोडियाक का मुकाबला टोयोटा फॉर्च्यूनर, एमजी ग्लॉस्टर, जीप मेरिडियन और फॉक्सवैगन टिगुआन जैसी SUVs से होता है.