Ind Vs Eng Test Series: यशस्वी जायसवाल टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने वाले तीसरे युवा भारतीय

इंदौर। भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने विशाखापत्तनम में खेले जा रहे दूसरे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन दोहरा शतक पूरा कर मेजबान भारत को मजबूत स्थिति में ला दिया। इसी के साथ ही यशस्वी ने अनोखी उपलब्धि हासिल की। यशस्वी जायसवाल टेस्ट क्रिकेट दोहरा शतक जड़ने वाले तीसरे सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं।

उन्होंने इंग्लिश गेंदबाज शोएब बशीर की गेंदों पर लगातार एक छक्का और एक चौका जड़ते हुए दोहरा शतक पूरा किया। जायसवाल ने भारत के लिए पहली पारी में 277 गेंदों पर दोहरा शतक जड़ते हुए टीम के स्कोर को 350 से ज्यादा तक पहुंचा दिया। उन्होंने 22 साल 77 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की। उनसे पहले भारत के दिग्गज बल्लेबाज सुनिल गावस्कर और विनोद कांबली यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। कांबली का नाम इस सूची में दो बार हैं।

विनोद कांबली ने 21 साल 32 दिन की उम्र में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 1993 में इंग्लैंड के ही खिलाफ 224 रनों की पारी खेली थी। इस पारी के दौरान उन्होंने 411 गेंदों का सामना कर 23 चौके जड़े थे। इस साल कांबली ने 21 दिन 54 दिन की उम्र में जिम्बाब्वे के खिलाफ नई दिल्ली में खेले गए टेस्ट मैच में 227 रनों की पारी खेली थी। इस पारी के दौरान उन्होंने 301 गेंदों का सामना कर 28 चौके जड़े थे। सुनिल गावस्कर ने साल 1971 के वेस्टइंडीज दौरे पर पोर्ट आफ स्पेन में 220 रनों की पारी खेली थी। इस समय उनकी उम्र 21 साल 277 रन थी।