प्रियंका गांधी इस सीट से लड़ेगी चुनाव

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के अगले लोकसभा चुनाव में कर्नाटक और तेलंगाना की दो लोकसभा सीटों से चुनाव लड़ने की संभावना है।

सूत्रों ने कहा कि ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) स्थानीय कांग्रेस इकाई को सूचित किए बिना पहले ही कर्नाटक के कोप्पल निर्वाचन क्षेत्र में सर्वेक्षण करा चुकी है और इस पर भी विचार कर रही है कि तेलंगाना में एक और सीट से प्रियंका गांधी को मैदान में उतारा जाए।

कोप्पल कर्नाटक के सबसे पिछड़े जिलों में से एक है और यहां की आठ विधानसभा सीटों में से छह कांग्रेस के पास हैं। एआइसीसी द्वारा किए गए सर्वेक्षण में सुझाव दिया गया है कि कोप्पल प्रियंका गांधी के लिए एक सुरक्षित सीट है।

कर्नाटक की इस सीट से चुनाव जीती थीं पूर्व पीएम इंदिरा गांधी

इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी 1978 में कर्नाटक की चिक्कमगलुरु संसदीय सीट जीतने के बाद राजनीतिक पुनर्जन्म मिला था। वर्तमान में इस निर्वाचन क्षेत्र को उडुपी-चिक्कमगलुरु सीट के नाम से जाना जाता है। इसका प्रतिनिधित्व वर्तमान में केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे कर रही हैं।