रायपुर, 15 अप्रैल 2026। राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी, पुत्री और एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला डीडीनगर थाना क्षेत्र का है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2025 को वीरेन्द्र भारती गोस्वामी की मृत्यु की सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें डॉक्टरों ने मृतक के शरीर पर 17 गंभीर चोटों के निशान पाए। इससे स्पष्ट हुआ कि उसकी मौत सामान्य नहीं, बल्कि गंभीर हमले के कारण हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त पश्चिम संदीप पटेल के मार्गदर्शन, एडिशनल डीसीपी राहुल देव शर्मा के पर्यवेक्षण और एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में टीम गठित कर गहन जांच की गई। जांच के दौरान परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पत्नी, बेटी और एक नाबालिग से पूछताछ की गई, जिसमें चौंकाने वाले खुलासे सामने आए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 27 सितंबर 2025 की रात करीब 11 बजे मोबाइल देखने को लेकर घर में विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर उन्होंने घर में रखे लकड़ी के बैट और ईंट से मृतक के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने की कोशिश की। उन्होंने खून के निशान साफ किए और इस्तेमाल किए गए कपड़े व हथियारों को पास के नाले में फेंक दिया। इसके बाद परिवार के अन्य लोगों को गुमराह करते हुए यह कहानी बनाई कि मृतक बाथरूम में गिरकर बेहोश हो गया था, जिसे इलाज के लिए भेजा गया।
पुलिस ने इस मामले में थाना डीडीनगर में अपराध क्रमांक 252/2026 के तहत धारा 103(1), 238 और 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दीपा भारती गोस्वामी (44 वर्ष), तनिया भारती गोस्वामी (19 वर्ष) और एक नाबालिग बालिका शामिल हैं।
तीनों आरोपियों को 15 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

