एनिमल एक्सचेंज के तहत इंदौर में लाया जाएगा अफ्रीकन जेब्रा, शेर, बाघ, हिरण के बदले मांगा जेब्रा

इंदौर। कोई मेहमां घर में आए तो जैसी खुशियां छा जाती हैं, वैसी ही खुशियां कुछ समय बाद इंदौर को भी मिल सकती हैं। दरअसल, यह नया मेहमां कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय अर्थात चिड़ियाघर में आ सकता है। इसके लिए कवायदें तेज हो गई हैं और नए मेहमान के बाड़े के लिए जगह भी सुनिश्चित कर ली गई है। यह मेहमान होगा अफ्रीकन जेब्रा। चिड़ियाघर प्रबंधन ने एनिमल एक्सचेंज के तहत उन शहरों को प्रस्ताव भेजा है, जहां अफ्रीकन जेब्रा है।

बदले में उन चिड़ियाघरों से पूछा गया है कि उन्हें कौन-से जानवर चाहिए। बता दें कि इंदौर के चिड़ियाघर से शेर, बाघ, चीतल, हिरण आदि की संख्या बहुतायत में है इसलिए इन्हें दिया जा सकता है अब उन शहरों से उत्तर की प्रतीक्षा की जा रही है। विशेष बात यह होगी कि अफ्रीकन जेब्रा के आने पर इंदौर चिड़ियाघर प्रदेश में एकमात्र होगा, जहां यह शानदार प्राणी होगा।

naidunia_image

दरअसल, तीन साल पहले से जेब्रा लाने को लेकर चिड़ियाघर प्रशासन ने योजना बनाई थी। अफ्रीकन जेब्रा के लिए मुंबई के वीरमाता जीजाबाई भौंसले चिड़ियाघर को प्रस्ताव भेजा था। साथ ही सेंट्रल जू अथारिटी से एनिमल एक्सचेंज के तहत अनुमति चाही है। वहां से हरी झंडी मिल गई। मगर फिर कोरोना संक्रमण काल की वजह से योजना ठंडे बस्ते में चली गई। दीपावली बाद एक बार फिर जेब्रा को लेकर कवायद तेज हुई।

इस बार मुंबई के अलावा बेंगलुरु और अहमदाबाद से जेब्रा मांगा गया है। प्रस्ताव में चिड़ियाघर ने अपने पास मौजूद जानवरों की सूची बनाकर दे दी है। उसके आधार पर एनिमल एक्सचेंज के तहत जेब्रा को लाया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक चिड़ियाघर के पास बाघ, शेर, हिरण, चीतल और सियार है। इनकी संख्या चिड़ियाघर में काफी हो चुकी है इसलिए इन्हें आसानी से दूसरे चिड़ियाघर को दिया जा सकता है। चिड़ियाघर अधिकारी निहार पारुलकर ने बताया कि जेब्रा को लेकर प्रक्रिया काफी आगे बढ़ चुकी है।


245 विदेशी पक्षी, जानवर आए

चिड़ियाघर में कई बार एनिमल एक्सचेंज के तहत जानवरों को लाया गया है। जामनगर चिड़ियाघर को पांच बाघ और छह शेर दिए गए थे। बदले में वहां से 80 से ज्यादा प्रजातियों के 245 से ज्यादा विदेशी पक्षी और जानवरों को लाया गया है। इनमें सांप, मकाऊ, इगुआना, कछुए, पाकेट मंकी, फिनएच, कानोट, लारी सहित अन्य पक्षी शामिल हैं।


1300 से ज्यादा वन्यप्राणी

52 एकड़ में फैले अपने चिड़ियाघर में 1300 से ज्यादा वन्यप्राणी हो चुके हैं। इनमें नौ शेर, 11 बाघ व चार तेंदुए भी शामिल हैं। इनमें से 10 शावकों ने बीते 11 महीने में जन्म लिया है। साथ ही हिरण और सियार की संख्या भी पचास से अधिक है। यहां स्केन और बर्ड हाउस भी बना रखा है, जो इन दिनों दर्शकों को काफी आकर्षित करने में लगा है। बर्ड हाउस में 40 से ज्यादा प्रजातियों के पक्षी हैं। इनमें ग्रीन विग मकाऊ, ब्लू एड गोल्ड मकाऊ, कैपडोवे, लारी, उड़ने वाली गिलहरी, ग्लाइडर सहित कई पक्षी शामिल हैं।

तीन चिड़ियाघर से जेब्रा के लिए बातचीत चल रही है। इनसे हमने ऐसे जानवरों के बारे में पूछा है, जिन्हें वे लेना चाहते हों। अगर वह इंदौर में मौजूद वन्य प्राणियों में से किसी को पसंद करते हैं, तो उनके बदले में जेब्रा को लाया जाएगा। हमने अपने पास उपलब्ध जानवरों की सूची भेज दी है। डा. उत्तम यादव, प्रभारी, कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय, इंदौर