बैकुंठपुर, 07 जुलाई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से अवैध संबंध के शक को लेकर विवाद चल रहा था।
घटना चरचा थाना क्षेत्र के ग्राम तिलवन डांड के पिपरपारा की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला बबली को संदेह था कि उसके पति जयवीर का पड़ोस में रहने वाली एक विधवा महिला के साथ संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी।
बताया गया कि 6 अगस्त को बबली राशन दुकान से लौट रही थी। इसी दौरान उसे शक हुआ कि उसका पति उक्त महिला के घर में मौजूद है। संदेह के आधार पर वह महिला के घर पहुंची, जहां तलाशी के दौरान जयवीर अंदर छिपा हुआ मिला। इसके बाद पति-पत्नी के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

विवाद के दौरान बबली द्वारा दिए गए धक्के से जयवीर का संतुलन बिगड़ गया और वह मुंह के बल पत्थर पर गिर पड़ा। गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गया। परिजनों और पड़ोसियों की मदद से उसे घर लाया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर चरचा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम एवं फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।


