बिलासपुर, 07 जुलाई (वेदांत समाचार) । बिलासपुर जिले में मलेरिया से बचाव और रोकथाम के स्वास्थ्य विभाग के दावों के बीच अब पहली मौत का मामला सामने आया है। कोटा क्षेत्र के औरापानी गांव की रहने वाली 37 वर्षीय रेखा बैगा ने सिम्स बिलासपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें गनियारी पीएचसी लेकर पहुंचे थे, जहां जांच के दौरान मलेरिया की पुष्टि हुई।हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिम्स रेफर किया गया, जहां करीब दो दिनों तक उनका इलाज चला, लेकिन गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जिले में मलेरिया से यह पहली मौत बताई जा रही है।
इधर, कोटा क्षेत्र में लगातार मलेरिया के मामले सामने आने से चिंता बढ़ गई है। अब तक जिले में 50 से ज्यादा मरीजों की पहचान हो चुकी है, जबकि फिलहाल 11 एक्टिव केस बताए जा रहे हैं। ऐसे में एक ओर जहां स्वास्थ्य विभाग मलेरिया की रोकथाम और प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी को लेकर लगातार प्रयासों की बात करता रहा है, वहीं बीमारी से हुई मौत ने इन व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाली आबादी तक समय पर जांच, उपचार और बचाव के उपाय पहुंचाना बड़ी चुनौती है। अब इस मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग के सामने कोटा सहित प्रभावित इलाकों में मलेरिया की रोकथाम के लिए निगरानी और उपचार व्यवस्था को और मजबूत करने की चुनौती है।

