काली गाजर सेहत का खजाना, सर्दियों में इसे खाने के कई फायदे, एंटीऑक्सीडेंट की मात्रा होती है अधिक

Black Carrot Benefits: कुछ मीठा खाने का मन हो और ऐसे में गाजर का हलवा मिल जाए, तो सर्दियों का मजा दोगुना बढ़ जाता है। इस मौसम में शरीर को स्वस्थ रखने के लिए डाइट में गाजर शामिल करने की सलाह दी जाती है। कई लोग गाजर का उपयोग सब्जी या सलाद में भी करते हैं। यह सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है।

आमतौर पर लोग लाल गाजर ही खाते हैं, लेकिन क्या कभी आपने काली गाजर का सेवन किया है? जी हां, कहा जाता है कि यह लाल से कहीं ज्यादा फायदेमंद है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट की मात्रा अधिक होती है। यह कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी को भी रोकने में मददगार है। चलिए बिना देर किए जानते हैं काली गाजर खाने के फायदे।

आंखों के लिए फायदेमंद

आजकल कम उम्र में ही लोगों की आंखें कमजोर हो जाती हैं, ऐसे में आपको अपनी डाइट का खास ख्याल रखना चाहिए। काली गाजर खाने से आंखों की रोशनी तेज होती है। इसमें एंथोसायनिन यौगिक होता है जो आंखों की कई बीमारियों से छुटकारा दिलाने में मदद करता है। 

वजन घटाने में मददगार

जी हां, काली गाजर खाने से वेट लॉस में मदद मिलती है। यह कई पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें कैलोरी की मात्रा भी कम होती है। आप इसका उपयोग सलाद में भी कर सकते हैं, इसके अलावा नाश्ते के रूप में भी काली गाजर खा सकते हैं।

पाचन के लिए फायदेमंद

काली गाजर खान से पाचन को बढ़ावा मिलता है। इसमें फाइबर की मात्रा अधिक होती है। साथ ही यह शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में भी मददगार है।

सूजन कम करने में सहायक

काली गाजर में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो डायबिटीज, हृदय रोग और कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों से बचाने में मदद करता है। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए रोजाना डाइट में काली गाजर खाने की सलाह दी जाती है।