ACCIDENT NEWS : कार अनियंत्रित होने से दो दोस्तों की मौत, सीहोर से आये थे भोपाल घूमने

भोपाल शिवाजी चौराहे पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। हादसे में चार पहिया वाहन का बुरी तरह एक्सीडेंट हो गया है।गुरुवार शुक्रवार की दरमियानी रात दर्दनाक हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होने के बाद पलटकर फुटपाथ पर चढ़ गई। कार में पांच युवा मित्र सवार थे। इनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हैं। इनमें से एक ही हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए शासकीय हमीदिया अस्पताल में एडमिट करवाया गया है। पुलिस इस पूरे हादसे की जांच कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे में कार सवार विक्रम गुप्ता और अभिराज सिंह की मौत हो गई। ये दोनों सीहोर के नसरुल्लागंज के रहने वाले थे और यहां अपने दोस्तों के साथ भोपाल घूमने आए थे। विक्रम गुप्ता और अभिराज सिंह के अलावा तीन मित्र भी कार में सवार थे। ये तीनों भी घायल हुए हैं। इन्हें भी गंभीर चोटें आईं हैं। इनमें से एक की हालत गम्भीर है। इनका इलाज हमीदिया अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पांच मित्र कार से न्यू मार्केट की तरफ से लिंक रोड एक से बोर्ड ऑफिस की ओर जा रहे थे। तभी शिवाजी नगर चौराहा पर रेडक्रॉस हॉस्पिटल के सामने यह हादसा हो गया। अंदाजा लगाया जा रहा है कि ब्रेकर आने पर कार चालक ने कार को स्लो करने का प्रयास किया होगा, लेकिन कार की स्पीड इतनी तेज रही होगी कि कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई।