Kia Syros EV को लॉन्च करने के बाद अब कंपनी भारत में अपनी नई Sorento SUV लाने की तैयारी में है. यह तीन रो (7-सीटर) वाली हाइब्रिड SUV होगी और भारत में Kia की सबसे प्रीमियम SUV के तौर पर पेश की जाएगी. इसकी लॉन्चिंग 4 सितंबर 2026 को होगी. लॉन्च से पहले ही देशभर में इसकी बुकिंग शुरू कर दी गई है.
किससे होगा मुकाबला
Kia ने अभी तक Sorento की पूरी जानकारी और कीमत का खुलासा नहीं किया है. माना जा रहा है कि इसकी एक्स-शोरूम कीमत 35 लाख से 40 लाख रुपये के बीच हो सकती है. भारतीय बाजार में इसका मुकाबला Skoda Kodiaq, Volkswagen Tayron, Jeep Meridian, MG Majestor और Toyota Fortuner जैसी SUVs से होगा.
डीज़ल और हाइब्रिड पावरट्रेन
किआ सोरेंटो को दमदार हाइब्रिड और डीजल इंजन ऑप्शन के साथ पेश किया जाएगा. वैश्विक स्तर पर लॉन्च किए गए मॉडल की तरह, भारत में आने वाले इस मॉडल में भी 1.6 लीटर का चार-सिलेंडर पेट्रोल हाइब्रिड इंजन होने की संभावना है, जो 238 बीएचपी की पावर और 380 एनएम का टॉर्क जनरेट करेगा.
डीजल वेरिएंट में 2.2 लीटर का इंजन होने की उम्मीद है, जो 202 हॉर्सपावर की अधिकतम पावर और 441 एनएम का टॉर्क जनरेट करेगा. एसयूवी लाइनअप मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों गियरबॉक्स ऑप्शन के साथ आएगी. हालांकि, भारत में सोरेंटो केवल फ्रंट-व्हील ड्राइव (FWD) सिस्टम के साथ ही उपलब्ध हो सकती है.
कितनी होगी सीट
भारत में लॉन्च होने वाली Kia Sorento की लंबाई 4,815 मिमी है और यह दिखने में अपने वैश्विक मॉडल के बिल्कुल समान होगी. यह 6 और 7 सीटों वाले विकल्पों में उपलब्ध होगी. 7 सीटों वाले वेरिएंट में सेंटर रो में 60:40 रेश्यो होने वाली तीन सीटों की बेंच और तीसरी रो में 50:50 रेश्यो में डिवाइड होने वाली सीटें हैं. एक टच स्लाइड-एंड-फोल्ड सुविधा से तीसरी रो तक पहुंचना आसान हो जाता है. वैश्विक बाजारों में 6 सीटों वाला लेआउट केवल उच्च हाइब्रिड और PHEV वेरिएंट में आती है, जिसमें दूसरी रो में कैप्टन चेयर दी गई हैं.
दमदार फीचर्स से लैस
किआ सोरेंटो में कई प्रीमियम फीचर्स होंगे, जिनमें डुअल 12.3-इंच डिस्प्ले स्क्रीन सेटअप, टच-कैपेसिटिव पैनल वाला सेंट्रल कंसोल, चार-स्पोक स्टीयरिंग व्हील, वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और एप्पल कारप्ले, वायरलेस चार्जिंग पैड, पैनोरमिक सनरूफ, पावर ड्राइवर सीट, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, एचयूडी (हेड-अप डिस्प्ले), डुअल जोन क्लाइमेट कंट्रोल और बहुत कुछ शामिल हैं.

