जगदलपुर में अग्नि सुरक्षा सप्ताह पर जागरूकता रैली, 238 जवानों ने किया पैदल मार्च

जगदलपुर, 14 अप्रैल (वेदांत समाचार)। अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत शहर में मंगलवार को व्यापक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली नगर सेना कार्यालय के तत्वावधान में महानिदेशक, निदेशक एवं डीआईजी नगर सेना मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार निकाली गई। कलेक्टर की अनुमति से आयोजित इस रैली में फायर विभाग के कर्मचारियों, एसडीआरएफ के जवानों तथा नगर सैनिकों सहित कुल 238 जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रैली की शुरुआत लालबाग मैदान से हुई और शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए फायर स्टेशन तक पहुंची। इस दौरान रैली कोतवाली चौक, महावीर चौक, संजय मार्केट, चांदनी चौक, वीर सावरकर चौक, जमाल मिल चौक और एयरपोर्ट चौक से होकर गुजरी। लगभग 3 किलोमीटर लंबे इस पैदल मार्च के जरिए शहरवासियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

रैली के दौरान सबसे पहले शहीद फायर अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद जवानों ने आम नागरिकों, व्यापारियों, स्कूल-कॉलेजों, अस्पतालों और होटल संचालकों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि थोड़ी सी सावधानी से बड़े हादसों को टाला जा सकता है।

इस अवसर पर नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने प्रतिष्ठानों और वाहनों में अग्निशामक यंत्र अनिवार्य रूप से रखें। साथ ही कचरे में आग न लगाने, खुले बिजली तारों से सावधानी बरतने और जंगलों में आग लगाने से बचने की सलाह दी गई। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 112 या 07782-222899 नंबर पर सूचना देने के लिए भी लोगों को जागरूक किया गया।

इस जागरूकता रैली के माध्यम से प्रशासन ने यह संदेश दिया कि आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए सामूहिक सतर्कता और जागरूकता बेहद जरूरी है।