रायपुर, 05 अगस्त (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का लंबे समय से चल रहा इंतजार अब खत्म हो गया है। राज्य शासन ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों की बहुप्रतीक्षित सूची जारी कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने राजपत्र में इसका प्रकाशन करते हुए 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी के रूप में अधिसूचित किया है। राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में नियुक्त करने की नीति 2007 के प्रावधानों के तहत यह सूची जारी की गई है। जारी सूची में 20 अलग-अलग खेलों से जुड़े खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 30 जून को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय समिति की बैठक में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची को मंजूरी दी गई थी। इसके बाद सूची को राजपत्र में प्रकाशन के लिए सामान्य प्रशासन विभाग को भेजा गया था। विभाग ने सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद 5 अगस्त 2026 को इसका राजपत्र में प्रकाशन कर दिया।
उच्च स्तरीय समिति की बैठक में उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव सहित समिति के अन्य सदस्यों ने वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए प्राप्त आवेदनों पर विस्तार से चर्चा की थी। खिलाड़ियों की उपलब्धियों, पात्रता और अन्य जरूरी मानकों की समीक्षा के बाद 156 खिलाड़ियों के चयन को अंतिम रूप दिया गया।
राज्य शासन की इस पहल से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में अवसर मिलने का रास्ता आसान होगा। सूची जारी होने के बाद खेल जगत से जुड़े खिलाड़ियों और संगठनों में खुशी का माहौल है।

