जंगल में लगी भीषण आग पर CRPF जवानों ने पाया काबू, गांव और जियो टावर सुरक्षित

बीजापुर, 14 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले के पीडिया क्षेत्र में स्थित सुदा मेट्टा पहाड़ी के जंगलों में लगी भीषण आग पर CRPF जवानों ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए काबू पा लिया। जवानों की इस मुस्तैदी से आसपास के गांवों और हाल ही में स्थापित जियो मोबाइल टावर को बड़े नुकसान से बचा लिया गया।

जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल की शाम लगभग 7:30 बजे पीडिया CRPF कैंप के समीप सुदा मेट्टा पहाड़ी की टेकरियों में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के रिहायशी क्षेत्रों और संचार व्यवस्था पर खतरा मंडराने लगा।

घटना की सूचना मिलते ही कैंप में तैनात CRPF की 199वीं वाहिनी की बी कंपनी तत्काल सक्रिय हो गई। कैंप कमांडर राजीव कुमार एवं कंपनी कमांडर सहायक कमांडेंट अक्षय झा के नेतृत्व में जवानों ने बिना किसी बाहरी मदद के राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जवानों ने पानी, मिट्टी और अग्निशमन यंत्रों की सहायता से आग बुझाने का अभियान चलाया।

रात का अंधेरा और दुर्गम पहाड़ी इलाका अभियान में बड़ी चुनौती बना रहा। इस दौरान कुछ जवानों को मामूली चोटें भी आईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। लगातार प्रयासों के बाद सुबह करीब 4 बजे आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।

हालांकि 13 अप्रैल को दोपहर लगभग 1 बजे आग दोबारा भड़क उठी, लेकिन सतर्क जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे जल्द ही नियंत्रित कर लिया।

कमांडेंट आनंद कुमार और द्वितीय कमान अधिकारी विनोद कुमार के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान में जवानों ने न केवल अपने कैंप की सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि आसपास के गांवों और जियो मोबाइल टावर को भी सुरक्षित रखा।

CRPF जवानों की बहादुरी और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया, जिससे क्षेत्र में राहत का माहौल है।