जगदलपुर, 04 अगस्त (वेदांत समाचार) । बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर शहर के अनुपमा चौक स्थित सूरज मार्केटिंग में सोमवार और मंगलवार के दरम्यानी देर रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया, देखते ही देखते आग ने दुकान के भीतर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की तीन दमकल वाहनों को मौके पर लगाया गया।दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद देर रात आग पर पूरी तरह काबू पाया।
आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दमकल कर्मियों को अंदर तक पहुंचने और आग बुझाने के लिए दुकान के सामने के दोनों शटर तोड़ने पड़े। इसके साथ ही पीछे की दीवार को भी तोड़ा गया, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने भीतर पहुंचकर आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया।आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया, काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। भीषण आग के चलते सूरज मार्केटिंग के भीतर रखा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है।
प्रारंभिक तौर पर आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वास्तविक नुकसान का आकलन दुकान संचालक द्वारा सामान का जायजा लेने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, आग शॉर्ट सर्किट अथवा किसी अन्य वजह से लगी, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

