नई दिल्ली, 14 अप्रैल : SRH vs RR: जिसे कोई रोक ना पाया. IPL 2026 के पहले 4 मैचों में जिसके बल्ले पर कोई ब्रेक ना लगा पाया. जिसने हर बड़े गेंदबाज की पहली गेंद को बाउंड्री लाइन के पार भेजा. जिसके आगे धोनी, रोहित, विराट की टीमें पानी भरती नजर आईं. राजस्थान रॉयल्स के उस 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को थामना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था. मगर आपको ये जानकर हैरानी होगी कि प्रफुल्ल हिंगे के पास वैभव को रोकने का प्लान पहले से तैयार था. वो उन्हें पहली गेंद पर ही आउट कर देने का प्लान बनाकर उतरे थे. उन्होंने पहले ही बता दिया था कि वो वैभव सूर्यवंशी का शिकार पहली गेंद पर करने वाले हैं और वही किया भी.
प्रफुल्ल हिंगे तो ‘वांटेड’ के सलमान खान बन गए!
बॉलीवुड फिल्म ‘वॉन्टेड’ का वो मशहूर डायलॉग तो आप सबको याद ही होगा, जब सलमान खान कहते हैं- ‘एक बार जो मैंने कमिंटमेंट कर दी तो फिर मैं खुद की भी नहीं सुनता’. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ IPL डेब्यू करने वाले सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे भी समझिए, हैदराबाद के मैदान पर वॉन्टेड के सलमान खान बनकर उतरे थे. उन्होंने हर वो चीज वैसी ही की, जिसकी कमिटमेंट पहले से करके आए थे. वैभव का विकेट पहली गेंद पर चटकाना उनमें एक था.
वैभव सूर्यवंशी को लेकर कमिटमेंट का खुलासा खुद किया
प्रफुल्ल हिंगे ने मैच के बाद वैभव सूर्यवंशी के विकेट को लेकर अपने कमिटमेंट का खुलासा किया. प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने के बाद पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में उनसे जब पूछा किया कि उनका फेवरेट विकेट कौन सा रहा, तो उसके जवाब में उन्होंने वैभव सूर्यवंशी के विकेट का नाम लिया. प्रफुल्ल हिंगे ने कहा कि वैभव इनफॉर्म था. लेकिन, मैंने 2-3 लोगों को पहले से ही बता दिया था कि मैं वैभव का विकेट पहली गेंद पर लूंगा. उन्होंने बताया कि उनका प्लान बाउंसर पर चौंकाकर वैभव को आउट करने का था, जिसमें वो सफल रहे. मतलब, उन्होंने जो कहा, वो किया.
सूर्यवंशी का विकेट लेने में वरुण एरॉन ने ऐसे की मदद
प्रफुल्ल हिंगे ने SRH के बॉलिंग कोच वरुण एरॉन का भी शुक्रिया अदा किया. मैच से पहले वो वरुण एरॉन ही थे, जिन्होंने वैभव के खिलाफ राउंड द विकेट ना जाकर ओवर द विकेट गेंद डालने की सलाह दी थी. वरुण एरॉन ने मैच के बाद बताया कि वैभव सूर्यवंशी के विकेट में उनका रोल बस इतना ही था. बाकी फुल क्रेडिट प्रफुल्ल हिंगे को जाता है.
IPL में ऐसा करने वाले पहले गेंदबाज
प्रफुल्ल हिंगे ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में 4 ओवर में 34 रन देकर 4 विकेट चटकाए. इसमें 3 विकेट उन्होंने अपने पहले ही ओवर में लिए और IPL डेब्यू पर ऐसा करने वाले पहले गेंदबाज बन गए.
