Dussehra 2023: प्रभास से लेकर जूनियर NTR तक, इन सितारों ने पर्दे पर निभाया भगवान राम का किरदार

Actors Who Played Ram On Screen: इस समय पूरे देश भर में नवरात्रि की धूम देखने को मिल रही है। जगह-जगह गरबा के फंक्शन और रामलीला हो रही है। ऐसे में आम लोगों से लेकर बड़े-बड़े सेलेब्स तक हर कोई मां दुर्गा और भगवान राम की भक्ति में लीन दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही आपको बता दें कि छोटे पर्दे से लेकर बड़े पर्दे तक ऐसे कई सेलेब्स हैं, जिन्होंने भगवान राम का किरदार निभा कर घर-घर में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। चलिए जानते हैं उन्हीं सितारों के बारे में।

अरुण गोविल

भगवान राम की बात हो और अरुण गोविल का नाम न लिया जाए, ऐसा हो ही नहीं सकता। राम का नाम लेते ही हर किसी के जहन में जो किरदार सबसे पहले याद आता है, वो रामानंद सागर के रामायण सीरियल में भगवान राम का किरदार निभाने वाले एक्टर अरुण गोविल का ही है। लोगों ने उन्हें उस रूप में काफी पसंद किया था और आज भी अरुण गोविल जब कहीं जाते हैं, तो लोग उनके पैर छूने लग जाते हैं।

प्रभास

प्रभास ने इसी साल रिलीज हुई फिल्म ‘आदिपुरुष’ में राम का किरदार निभाया था। इस फिल्म का निर्देशन ओम राउत ने किया था, जिसे हिंदी और तेलुगु भाषा में बनाया गया था। इस फिल्म को लेकर ऐसा कहा जाता है कि यह इंडियन स्क्रीन पर बनने वाली सबसे महंगी फिल्मों में से एक है।

जूनियर एनटीआर

जूनियर एनटीआर ने साउथ की कई फिल्मों में काम किया है। इसके साथ ही वह RRR करने के बाद ग्लोबल स्टार बन गए हैं। हालांकि, बहुत कम लोगों को यह पता है कि जूनियर एनटीआर ने राम का किरदार भी निभाया है। दरअसल, वाल्मीकि की रामायण पर आधारित ‘बाला रामायणम’ में वह राम बने थे।

सीनियर एनटीआर

हमारी इस लिस्ट में अगला नाम तेलुगु के सुपरस्टार सीनियर एनटीआर का है। बता दें कि सीनियर एनटीआर ज्यादातर भगवान का रोल निभाने के लिए ही फेमस रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने ‘लव कुश’, ‘सीताराम कल्याणम’ जैसी कई फिल्मों में राम का किरदार निभाया है।

जितेंद्र

हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेताओं में से एक जितेंद्र ने 1997 में आई वी मधुसूदन राव की फिल्म ‘लव-कुश’ में राम का किरदार निभाया था।

इसके साथ ही ऐसा बताया जा रहा है कि बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर फिल्म ‘रामायण’ में जल्द भगवान राम के किरदार में नजर आ सकते हैं।