मुंबई। एक्सेल एंटरटेनमेंट ने आज अपने नए म्यूजिक लेबल एक्सेल म्यूजिक की शुरुआत का ऐलान किया है। यह प्रोडक्शन हाउस की क्रिएटिव यात्रा का एक नया अध्याय है। इस लेबल को एक्सेल एंटरटेनमेंट ने लॉन्च किया है, जबकि यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप इसमें रणनीतिक साझेदार होने के साथ-साथ मार्केटिंग और डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर की भी भूमिका निभाएगा।
एक्सेल म्यूजिक की पहली पेशकश मिर्जापुर: द मूवी का साउंडट्रैक एल्बम होगा, जो 4 सितंबर 2026 को फिल्म की रिलीज के साथ सिनेमाघरों में आएगा। एल्बम का पहला गाना हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के बड़े नाम धांडा की आवाज में होगा, जो इसी के साथ बॉलीवुड में अपना बहुप्रतीक्षित डेब्यू भी कर रहे हैं। यह गाना इसी हफ्ते रिलीज किया जाएगा।
पिछले दो दशकों में एक्सेल एंटरटेनमेंट ने भारतीय सिनेमा को कई यादगार फिल्में दी हैं और उनकी फिल्मों का संगीत हमेशा उनकी पहचान का अहम हिस्सा रहा है। दिल चाहता है, लक्ष्य, रॉक ऑन!!, कार्तिक कॉलिंग कार्तिक, जिंदगी ना मिलेगी दोबारा, दिल धड़कने दो, बार बार देखो, रईस और गली बॉय जैसी फिल्मों के गाने आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। अब एक्सेल म्यूजिक के जरिए सिर्फ एक्सेल एंटरटेनमेंट की फिल्मों के ओरिजिनल साउंडट्रैक और बैकग्राउंड स्कोर ही नहीं, बल्कि देश के अन्य बड़े फिल्मकारों और प्रोडक्शन हाउस की फिल्मों का संगीत भी रिलीज किया जाएगा।
एक्सेल एंटरटेनमेंट के संस्थापक रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने कहा, “संगीत हमेशा हमारी रचनात्मक यात्रा का एक अहम हिस्सा रहा है। एक्सेल म्यूजिक की शुरुआत उसी जुनून का स्वाभाविक विस्तार है। हम बेहतरीन कलाकारों के साथ मिलकर ऐसा संगीत बनाना चाहते हैं, जो हर पीढ़ी के दर्शकों के दिलों तक पहुंचे।”
यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप के भारत और दक्षिण एशिया के मैनेजिंग डायरेक्टर सानुजीत भुजाबल ने कहा, “एक्सेल एंटरटेनमेंट ने पिछले दो दशकों में ऐसी कहानियां दी हैं, जिन्होंने हर पीढ़ी के दर्शकों से जुड़ाव बनाया है। हमें खुशी है कि हम एक्सेल म्यूजिक की शुरुआत में उनके रणनीतिक साझेदार हैं। यूनिवर्सल म्यूजिक के वैश्विक कलाकारों, प्रतिष्ठित कैटलॉग और विश्वस्तरीय मार्केटिंग व डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के जरिए हम एक्सेल म्यूजिक को भारत ही नहीं, दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाने के लिए उत्साहित हैं।”
एक्सेल म्यूजिक की शुरुआत के साथ एक्सेल एंटरटेनमेंट अब अपनी कहानी कहने की दुनिया को सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं रखेगा, बल्कि संगीत के जरिए भी दर्शकों तक अपनी रचनात्मक पहचान को और आगे बढ़ाएगा।

