Bilaspur ब्रेकिंग : व्यापार विहार स्थित सरकारी शराब दुकान में भीषण आग, लाखों का स्टॉक जलकर राख - vedantsamachar.in

Bilaspur ब्रेकिंग : व्यापार विहार स्थित सरकारी शराब दुकान में भीषण आग, लाखों का स्टॉक जलकर राख

बिलासपुर, 02 अगस्त (वेदांत समाचार)। शहर के व्यापार विहार स्थित सरकारी शराब दुकान में रविवार तड़के भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसे नियंत्रित करने के लिए फायर ब्रिगेड के तीन वाहनों के साथ हाईकोर्ट परिसर में तैनात दमकल वाहन को भी मौके पर बुलाना पड़ा। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में दुकान में रखा शराब का बड़ा स्टॉक और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों को सुरक्षित बचा लिया गया।

डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट दीपांशु नाथ के अनुसार रात करीब 2:22 बजे सरकारी शराब दुकान में आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को मिली। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिसके बाद अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाना पड़ा। फायर ब्रिगेड की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए सुबह करीब 4 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। दमकल कर्मियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

एडिशनल कमिश्नर एक्साइज नवनीत तिवारी ने बताया कि सरकारी शराब दुकान में करीब 80 से 90 ब्रांड की शराब का स्टॉक रखा हुआ था। आग बुझने के बाद विभागीय कर्मचारी स्टॉक का मिलान कर रहे हैं, ताकि वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा सके। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

बताया जा रहा है कि व्यापार विहार क्षेत्र में पिछले एक महीने के भीतर आग लगने की यह तीसरी बड़ी घटना है। इससे पहले माल धक्का क्षेत्र में भी दो बार आग लग चुकी है। लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं ने प्रशासन और संबंधित विभागों की चिंता बढ़ा दी है। अब पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।