रायपुर में ट्रैफिक जाम पर 5 से 8 मिनट में पहुंच रही QRT, हेल्पलाइन पर मिली 88 शिकायतों का त्वरित निराकरण - vedantsamachar.in

रायपुर में ट्रैफिक जाम पर 5 से 8 मिनट में पहुंच रही QRT, हेल्पलाइन पर मिली 88 शिकायतों का त्वरित निराकरण

रायपुर। राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और नागरिकों को ट्रैफिक जाम से त्वरित राहत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में गठित 10 क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) प्रभावी ढंग से कार्य कर रही हैं। यातायात पुलिस के अनुसार हेल्पलाइन नंबर 94792-10632 पर अब तक ट्रैफिक जाम संबंधी 88 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिन पर QRT ने औसतन 5 से 8 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया।

यातायात पुलिस ने बताया कि QRT के संचालन में इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) कंट्रोल रूम की महत्वपूर्ण भूमिका है। गूगल मैप और शहरभर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में ट्रैफिक की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाती है। वहीं, हेल्पलाइन पर नागरिकों से प्राप्त सूचना के आधार पर ITMS कंट्रोल रूम संबंधित QRT को तत्काल लोकेशन भेजता है, जिससे टीम बिना विलंब मौके पर पहुंचकर जाम की समस्या का समाधान करती है।

पुलिस के अनुसार जिन स्थानों से बार-बार ट्रैफिक जाम की शिकायतें मिल रही हैं, वहां स्थायी समाधान के लिए यातायात व्यवस्था में आवश्यक सुधारात्मक कदम भी उठाए जा रहे हैं। इस पहल से शहरवासियों को राहत मिलने के साथ ही पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास भी मजबूत हुआ है।

पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) डॉ. अर्चना झा ने नागरिकों से अपील की है कि शहर में कहीं भी ट्रैफिक जाम की स्थिति दिखाई देने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 94792-10632 पर सूचना दें। इसके लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं, ताकि लोग आसानी से सूचना देकर त्वरित सहायता प्राप्त कर सकें।

यातायात पुलिस ने कहा है कि रायपुर को जाम-मुक्त, सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराने के लिए विभाग निरंतर प्रतिबद्ध है और नागरिकों के सहयोग से इस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।