जांजगीर-चांपा, 01 अगस्त (वेदांत समाचार)। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने शनिवार को विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान एक ही दिन में कुल 136 वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगे बुलेट चालकों, नाबालिग वाहन चालकों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने वालों पर भी चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में यातायात पुलिस की टीम ने जांजगीर मुख्यालय के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान दो बुलेट मोटरसाइकिल चालकों के वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगे पाए गए। दोनों चालकों पर मोटरयान अधिनियम के तहत 5-5 हजार रुपये का चालान किया गया। साथ ही वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर हटाने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के साइलेंसर ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं और आम लोगों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों तथा मरीजों के लिए परेशानी का कारण बनते हैं। इसके अलावा यह मोटरयान अधिनियम के नियमों का भी उल्लंघन है।
अभियान के दौरान तीन नाबालिग वाहन चालकों को भी पकड़ा गया। पुलिस ने उनके परिजनों को कड़ी समझाइश दी और प्रत्येक मामले में 2-2 हजार रुपये का चालान किया। अधिकारियों ने कहा कि नाबालिगों को वाहन चलाने देना कानूनन अपराध है और इससे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

यातायात जांच के दौरान दो शराबी वाहन चालक भी पुलिस के हत्थे चढ़े। दोनों के वाहनों को जब्त कर लिया गया है और संबंधित चालकों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भविष्य में भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इसके अलावा मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने वाले एक चालक के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उससे 1,000 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने, दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाने और ध्वनि प्रदूषण रोकने के उद्देश्य से इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। आम नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन चलाने की अपील की गई है।

