अटल प्रतिमा विवाद पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर का बड़ा बयान, बोले- पूरे प्रदेश में हो जांच, दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई - vedantsamachar.in

अटल प्रतिमा विवाद पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर का बड़ा बयान, बोले- पूरे प्रदेश में हो जांच, दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई

रायपुर, 01 अगस्त (वेदांत समाचार)। कटघोरा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कांस्य प्रतिमा की जगह कथित तौर पर सीमेंट की प्रतिमा लगाए जाने का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने इस मामले को गंभीर बताते हुए पूरे प्रदेश में स्थापित अटल प्रतिमाओं की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि केवल एक सब-इंजीनियर को निलंबित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि इस मामले में जिम्मेदार सभी अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

अजय चंद्राकर ने कहा कि सरकार को पूरे प्रदेश में स्थापित अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं का परीक्षण कराना चाहिए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं और भी इसी तरह की अनियमितता तो नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में गड़बड़ी सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।इसी दौरान उन्होंने बस्तर पंडुम आयोजन को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी आयोजन में खर्च की गई राशि का ऑडिट होता है और यदि कोई अनियमितता होगी तो वह सामने आ जाएगी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह आयोजन कांग्रेस सरकार के समय बनाए गए राजीव मितान क्लब की तरह फर्जी नहीं है। उनके अनुसार कांग्रेस बिना तथ्यों के केवल राजनीतिक आरोप लगाने में लगी हुई है।स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस के राज्यव्यापी आंदोलन पर भी भाजपा विधायक ने तीखी प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर योजना की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में हुई थी। ऐसे में कांग्रेस को आंदोलन करने के बजाय अपने ही नेताओं से सवाल पूछना चाहिए कि इस योजना की शुरुआत किसके कार्यकाल में और किस स्तर पर हुई थी। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संगठनात्मक पुनर्गठन और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की भूमिका पर भी अजय चंद्राकर ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के पास अब न तो प्रभावी मुद्दे बचे हैं और न ही संगठन को मजबूत करने वाले लोग। उन्होंने दावा किया कि पार्टी अंदरूनी कलह से जूझ रही है और इसी कारण लगातार राजनीतिक रूप से कमजोर होती जा रही है।

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत पर दुख जताते हुए अजय चंद्राकर ने इसे पहलगाम हमले की तरह “टारगेट किलिंग” बताया। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ उसी तरह की कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए जैसी पहले की गई थी। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत और उचित मुआवजे की घोषणा करने की मांग की।