अजय माकन को मिली नई जिम्मेदारी, बनाया कांग्रेस पार्टी का कोषाध्यक्ष

Congress Ajay Maken: साल के अंत में होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव और 2024 लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी ने अजय माकन को नई जिम्मेदारी सौंपी है।

पार्टी ने उन्हें AICC का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उनकी नियुक्त की है, जिसकी घोषणा पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने की।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अजय माकन को तत्काल प्रभाव से AICC का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है।अजय माकन आखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नए कोषाध्यक्ष होंगे। अब माकन पवन बंसल की जगह लेंगे। बता दें कि यह पद पहले पार्टी नेता पवन बंसल के पास था।

इधर, छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों के नामों को लेकर रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई, जिसमें अजय माकन भी शामिल थे। इसी बीच यह घोषणा हुई है।

माकन ने जताया आभार

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एआईसीसी के कोषाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा, “मुझे स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक खत्म होने के बाद इस बारे में पता चला। मुझ पर भरोसा दिखाने के लिए मैं पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी को धन्यवाद देना चाहता हूं।”