SECL मुख्यालय के 5 कर्मियों को सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई - vedantsamachar.in

SECL मुख्यालय के 5 कर्मियों को सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई

बिलासपुर, 31 जुलाई (वेदांत समाचार)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय बिलासपुर से सेवानिवृत्त हुए पांच कर्मियों को शुक्रवार को भावभीनी विदाई दी गई। मुख्यालय स्थित सीएमडी कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शाल, श्रीफल और पुष्पहार से सम्मानित कर उनके समस्त देयकों का चेक प्रदान किया गया।

मुख्यालय प्रशासनिक भवन के कॉन्फ्रेंस हाल में आयोजित विदाई समारोह में निदेशक तकनीकी (संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक तकनीकी (योजना/परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, श्रमसंघ प्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

सेवानिवृत्त होने वालों में योजना-परियोजना विभाग के मुख्य प्रबंधक (खनन) प्रसन्न कुमार निगम, खान सुरक्षा एवं बचाव विभाग के मुख्य प्रबंधक (खनन) सनत कुमार तिवारी, कंपनी सचिव सचिवालय के कार्यालय अधीक्षक (ए-1) राकेश कुमार सरकार, केंद्रीय आवक-जावक विभाग के कार्यालय अधीक्षक सूर्यकांत पाण्डेय और सुरक्षा विभाग के सहायक सुरक्षा उप निरीक्षक रामजी पाण्डेय शामिल रहे।

इस अवसर पर एसईसीएल के शीर्ष प्रबंधन ने अपने संबोधन में कहा कि सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान, मेहनत और कार्यकुशलता से कंपनी ने सफलता के कई मुकाम हासिल किए हैं। उनके द्वारा दिए गए योगदान को कंपनी हमेशा याद रखेगी। प्रबंधन ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भी एसईसीएल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों में अपने कार्य के प्रति निष्ठा और समर्पण की भावना है। यहां अधिकारी और कर्मचारी मिलकर एक परिवार की तरह कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हैं।कार्यक्रम का सफल संचालन एवं सेवानिवृत्त कर्मियों का परिचय वाचन प्रबंधक (राजभाषा) श्रीमती सविता निर्मलकर ने किया।