टेबल टेनिस में रायपुर सेंट्रल की टीम बनी चैंपियन, कोरबा पश्चिम को मिला रनरअप का खिताब - vedantsamachar.in

टेबल टेनिस में रायपुर सेंट्रल की टीम बनी चैंपियन, कोरबा पश्चिम को मिला रनरअप का खिताब

जांजगीर-चांपा, 31 जुलाई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज की अंतरक्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में रायपुर सेंट्रल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में रायपुर सेंट्रल की टीम ने एचटीपीएस कोरबा पश्चिम की टीम को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। रायपुर सेंट्रल की टीम लगातार दूसरी बार टीम इवेंट में विजेता बनी है।

अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह, मड़वा में आयोजित इस प्रतियोगिता में पावर कंपनीज की आठ रीजन की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अभियंता रजनीश जांगड़े ने विजेता टीम और खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता के पुरुष एकल मुकाबले में दुर्ग रीजन के रजनीश ओबेराय ने जीत हासिल की, जबकि रायपुर सेंट्रल के अनुराग शर्मा उपविजेता रहे। पुरुष युगल में दुर्ग रीजन के रजनीश ओबेराय और समीर तिवारी की जोड़ी विजेता बनी, वहीं रायपुर सेंट्रल के एस. जार्ज और बाहुबली जैन को रनरअप का खिताब मिला।

महिला एकल वर्ग में रायपुर रीजन की दिव्या आमडे ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि रायपुर सेंट्रल की उपासी धनगड़ उपविजेता रहीं। महिला युगल में रायपुर सेंट्रल की श्रद्धा वर्मा और उपासी धनगड़ की जोड़ी विजेता बनी। वहीं रायपुर रीजन की दिव्या आमडे और यशोदा रौतिया को रनरअप का खिताब मिला।

प्रतियोगिता का आयोजन जूनियर क्लब भवन परिसर में किया गया, जिसमें रायपुर सेंट्रल, रायपुर रीजन, अंबिकापुर रीजन, बिलासपुर रीजन, एचटीपीएस कोरबा पश्चिम, डीएसपीएम कोरबा पूर्व, एबीटीवीएस मड़वा और दुर्ग रीजन की टीमों ने भाग लिया।

समापन समारोह में अतिरिक्त मुख्य अभियंता आरएल ध्रुव, एन. लकरा, आरके नायक, वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ अभय मिश्रा, रेफरी सुनील शुक्ला सहित पावर कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में खेल समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

अखिल भारतीय पावर कंपनी प्रतियोगिता के लिए 14 खिलाड़ियों का चयन

अंतरक्षेत्रीय प्रतियोगिता के आधार पर अखिल भारतीय पावर कंपनी टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए 14 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। पुरुष वर्ग में रजनीश ओबेराय, अनुराग शर्मा, प्रशांत बापट, अनिल अग्रवाल, समीर तिवारी, सागर पिंपलापुरे, टीपी सिंह और विवेक पटेल का चयन हुआ है। वहीं महिला वर्ग में दिव्या आमडे, उपासी धनगड़, श्रद्धा वर्मा, डॉ. रेणु कौशिक, शोभना सिंह और शिखा खांडे को टीम में शामिल किया गया है।