धमतरी, 31 जुलाई (वेदांत समाचार)। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने और लोगों को मानवता के इस कार्य के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने जिलेभर में ‘राहवीर (गुड समेरिटन) योजना’ के व्यापक प्रचार-प्रसार का अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत आम नागरिकों, वाहन चालकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की तत्काल मदद करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस लोगों को बता रही है कि सड़क दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा, जिसे ‘गोल्डन ऑवर’ कहा जाता है, किसी घायल की जान बचाने के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है। यदि इस दौरान घायल को प्राथमिक उपचार और समय पर अस्पताल पहुंचा दिया जाए तो उसके बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। इसलिए दुर्घटना देखकर मूकदर्शक बनने के बजाय हर नागरिक को आगे आकर मदद करनी चाहिए।
अभियान के दौरान लोगों को ‘राहवीर (गुड समेरिटन)’ की अवधारणा भी समझाई जा रही है। राहवीर वह व्यक्ति होता है जो बिना किसी स्वार्थ या पहचान की अपेक्षा के सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करता है, उसे अस्पताल पहुंचाता है या उपचार दिलाने में सहयोग करता है।
धमतरी पुलिस ने बताया कि मोटर वाहन (संशोधन) अधिनियम, 2019 के तहत लागू गुड समेरिटन कानून ऐसे मददगार नागरिकों को पूरी कानूनी सुरक्षा प्रदान करता है। घायल की सहायता करने वाले व्यक्ति को अनावश्यक पुलिस, कानूनी या न्यायिक प्रक्रिया का सामना नहीं करना पड़ता। अस्पताल या पुलिस उसे बिना कारण रोक नहीं सकते और उसकी व्यक्तिगत जानकारी भी उसकी इच्छा के बिना सार्वजनिक नहीं की जा सकती। इससे लोग बिना किसी डर के सड़क हादसे के पीड़ितों की मदद कर सकते हैं।

पुलिस के अनुसार, भारत सरकार की राहवीर योजना के तहत यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, तो उसे 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। वहीं वर्षभर में चयनित सर्वश्रेष्ठ राहवीरों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने के साथ एक लाख रुपये तक के विशेष पुरस्कार का भी प्रावधान किया गया है।
जनजागरूकता अभियान के दौरान लोगों को यह भी बताया जा रहा है कि सड़क दुर्घटना होने पर तत्काल 112, 108 एम्बुलेंस सेवा या निकटतम पुलिस थाना को सूचना दें। घायल को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएं और जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें। समय पर उठाया गया एक छोटा कदम किसी व्यक्ति की जान बचा सकता है और एक परिवार की खुशियां सुरक्षित रख सकता है।
धमतरी पुलिस द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों, बस स्टैंड, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों और यातायात चेकिंग प्वाइंट पर पंपलेट वितरण, पोस्टर, जनसंवाद और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से राहवीर योजना की जानकारी दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़कर सड़क हादसों में घायलों की मदद के लिए आगे आएं।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने जिलेवासियों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत सहायता के लिए आगे आएं। आपकी तत्परता किसी अनमोल जीवन को बचा सकती है। उन्होंने कहा कि धमतरी पुलिस मानवता के इस कार्य में सहयोग करने वाले प्रत्येक नागरिक का सम्मान करती है।

