रायगढ़ , 03 अप्रैल (वेदांत समाचार): रायगढ़ जिला में फ्लाईएश का अवैध डंप लगातार जारी है। समय-समय पर इसकी शिकायत भी की जाती है। इन दिनों खरसिया ब्लॉक के नवापारा क्षेत्र के सरकारी जमीन पर उद्योगों से निकलने वाले फ्लाईएश को अवैध रूप से डंप किया जा रहा है। जिसकी लिखित में शिकायत नायब तहसीलदार को करते हुए कार्रवाई की मांग की गई है। नायब तहसीलदार के नाम सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि ग्राम नवापारा पहन-18 में स्थित भूमि खसरा क्रमांक 311/1, जो कि शासकीय भूमि है, उस पर सरडा एनर्जी कंपनी द्वारा बिना शासन की विधिवत अनुमति के नियमों के खिलाफ अवैध रूप से फ्लाई ऐश डंप किया जा रहा है।
ऐसे में पर्यावरण नियमों व प्रचलित कानूनों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। ज्ञापन में बताया गया है कि इस वजह से पूरे क्षेत्र में प्रदूषण फैल रहा है और आम जनजीवन व पर्यावरण पर विपरित प्रभाव पड़ रहा है। ज्ञापन में बताया गया है कि इस अवैध फ्लाईएश डंप में संबंधित ट्रांसपोर्टर व उद्योग प्रबंधन के साथ-साथ क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों का भी मिलीभगत होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारियों को गुमराह करने के लिए गलत जानकारी दी जा रही है, जिससे फ्लाईएश का अवैध डंप लगातार हो सके। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि सरकारी जमीन पर किए जा रहे अवैध फ्लाइ ऐश डंपिंग को तत्काल रोका जाए। साथ ही उस जमीन से लगे अन्य भूमि पर भी रोक लगाई जाए।

जिससे भविष्य में शासकीय भूमि पर होने वाले नुकसान से बचा जा सके। उन्होंने यह ज्ञापन के माध्यम से मामले में संलिप्त दोषी उद्योग प्रबंधन, ट्रांसपोर्टर व संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाए। शिकायतकर्ता भोलू उरांव ने बताया कि जिस सरकारी जमीन पर फ्लाईएश का अवैध रूप डंप किया जा रहा है। ठीक उससे लगे अन्य कृषि जमीन भी प्रभावित हो रही है और सह तरह से बिना तिरपाल ढांके फ्लाई एश के परिवहन से आने-जाने वाले लोगों को भी काफी परेशानियों का समाना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी फ्लाईएश डंप किया जा रहा था, जिसकी शिकायत करने पर उसे रोका गया था। बाद में फिर से अवैध फ्लाईएश डंप होने लगा है।

