CG NEWS : डंडे से पीट-पीटकर किसान को मार डाला... - vedantsamachar.in

CG NEWS : डंडे से पीट-पीटकर किसान को मार डाला…

बिलासपुर, 30 जुलाई (वेदांत समाचार) : बिलासपुर में दो युवकों ने मिलकर एक किसान युवक को डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। घटना तब हुई, जब किसान युवक घर से बाहर टहलने निकला था। तभी मामूली विवाद पर दो युवकों ने उसे घेर लिया और डंडों से जमकर पिटाई शुरू कर दी, जिससे खून से लथपथ युवक जमीन पर गिर गया। इस वारदात के बाद युवक भाग निकले। हालांकि, पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। घटना कोटा थाना क्षेत्र की है।ग्राम खुरदुर निवासी सिदेशी उर्फ बोधन बघेल (42) खेती-किसानी करता था।

बुधवार की शाम वो अपने घर से बाहर टहलने निकला था। इसी दौरान गांव के अंकुश रजक और निखिल यादव (निवासी कलारतराई) से उसका विवाद हो गया। इस दौरान दोनों ने मिलकर डंडे से उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस हमले में उसका सिर फट गया, जिसके बाद खून से लथपथ होकर वो जमीन पर गिर गया।बताया जा रहा है कि बोधन का गांव के दोनों युवकों से पुरानी रंजिश था। इसी के चलते दोनों युवक मौके की तलाश में थे। उसे अकेले घूमते देखकर अंकुश और निखिल ने मौका पाकर उससे विवाद शुरू किया, जिसके बाद डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे बोधन को संभलने का मौका ही नहीं मिल सका।

गांव में विवाद के दौरान दोनों युवकों के बेरहमी से पिटाई को देखकर आसपास के लोग बीच-बचाव करने के लिए दौड़े। लेकिन, तब तक दोनों हमलावरों ने पीट-पीटकर बोधन को जमीन पर गिरा दिया। सिर सहित अन्य हिस्सों पर गंभीर चोंट की वजह से बोधन खून से लथपथ होकर घायल हो गया। इस घटना के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए। लेकिन, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।हत्या की खबर मिलते ही कोटा एसडीओपी नूपुर उपाध्याय सहित टीआई व उनकी टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। इस दौरान पूछताछ में पता चला कि अंकुश रजक और निखिल यादव ने उसकी हत्या की है। जिसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी। रात में पुलिस ने मुख्य आरोपी अंकुश रजक को पकड़ लिया। जिसके बाद निखिल यादव को भी उसके ठिकाने में दबिश देकर दबोच लिया। पुलिस दोनों आरोपियों से देर रात तक पूछताछ करती रही। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुरानी रंजिश सामने आई है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।