पुरानी रंजिश में बस चालक पर चाकू से हमला, कुरूद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल - vedantsamachar.in

पुरानी रंजिश में बस चालक पर चाकू से हमला, कुरूद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

धमतरी, 30 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में स्कूल बस चालक पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते चालक पर जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और धारदार हथियार भी जब्त कर लिया है।

मामला 28 जुलाई 2026 का है। जानकारी के अनुसार ए.जे. इंग्लिश स्कूल कुरूद की बस दोपहर करीब 3:15 बजे बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान सुनीलम सिनेमा के पास स्थित सार्वजनिक शौचालय के सामने मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने बस को रोक लिया और चालक से विवाद करने लगे।आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर बस चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद धारदार हथियार से हमला कर चालक को घायल कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की।

कुरूद पुलिस ने घटना के संबंध में अपराध क्रमांक 228/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं सहित आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गवाहों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए।

पुलिस कार्रवाई में आरोपी रोहन साहू पिता सुरेंद्र साहू (21 वर्ष), निवासी मोंगरा थाना कुरूद, हाल पता अमृत विहार कॉलोनी कुरूद को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और जांच के बाद आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और धारदार हथियार बरामद कर जब्त किया गया। इस मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

गिरफ्तार आरोपी रोहन साहू को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराध और हिंसक घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

धमतरी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें और कानून हाथ में लेने से बचें।