ABVTPS की आकृति महिला मंडल ने मनाया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव

जांजगीर 09 सितंबर 2023 I अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह (एबीवीटीपीएस) मड़वा के आवासीय काॅलोनी में आकृति महिला मंडल ( सीनियर क्लब) द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव मनाया गया। मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक एसके बंजारा ने महिला मंडल द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता आकृति महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती निवेदिता बंजारा ने की। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ, अतिरिक्त मुख्य अभियंता प्रवीण श्रीवास्तव एवं एसडी द्विवेदी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्णजी की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी की सुंदर झांकी निकाली गई। इसके अलावा महिला मंडल की सदस्य एवं बच्चों द्वारा श्रीकृष्णजी की नृत्य नाटिका के रूप में मनमोहक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में पूजा की थाली सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन भी रखा गया। इस स्पर्धा में अनामिका मिश्रा, देवश्री ठाकुर और सुमन ठाकुर ने शानदार प्रदर्शन किया। रात्रि करीब 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण जी की आरती के साथ दही हांडी फोड़कर भगवान श्रीकृष्ण की बाललीलाओं का आनंद लिया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।