कोरबा, 28 जुलाई। श्रावण मास के पावन अवसर पर बालकोनगर स्थित श्री राम मंदिर में बालको सेवा समाज के तत्वावधान में अगस्त माह के प्रत्येक रविवार को सामूहिक रुद्राभिषेक पूजन का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से परिवार सहित शामिल होकर भगवान शिव का अभिषेक एवं पूजन करने की अपील की है।
समिति के अनुसार सामूहिक रुद्राभिषेक 2, 9, 16 एवं 23 अगस्त 2026 (रविवार) को आयोजित होगा। पूजन का समय प्रातः 9:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। श्रद्धालुओं से सुबह 9:15 बजे तक मंदिर पहुंचने का अनुरोध किया गया है, ताकि आयोजन सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।
आयोजन में भाग लेने के लिए प्रति दम्पति ₹601 सहयोग राशि निर्धारित की गई है। पूजन सामग्री मंदिर की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि श्रद्धालुओं से फल, फूल एवं बेलपत्र साथ लाने का आग्रह किया गया है। रुद्राभिषेक के पश्चात सभी श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में भोजन प्रसाद की व्यवस्था भी रहेगी।
आयोजन समिति ने बताया कि व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए इच्छुक श्रद्धालु पहले से अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए समिति के सदस्यों से संपर्क किया जा सकता है।
समिति ने सर्वहित एवं सर्वसुखाय की भावना से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा इसकी जानकारी अन्य श्रद्धालुओं तक पहुंचाने की भी अपील की है।


