Bilaspur Crime : शराब पीने के लिए पैसे मांगने पर खूनी झड़प, 8 आरोपी गिरफ्तार, 2 चाकू और तलवार बरामद - vedantsamachar.in

Bilaspur Crime : शराब पीने के लिए पैसे मांगने पर खूनी झड़प, 8 आरोपी गिरफ्तार, 2 चाकू और तलवार बरामद

बिलासपुर, 27 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और हथियारबंद झड़प के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो धारदार चाकू और एक तलवार भी बरामद की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 26 जुलाई 2026 की रात करीब 8 बजे नर्सरी गेट के सामने मैट्रिक चौक के पास हुई। शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गई। विवाद के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित हुई।

घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए। मामले में अपराध क्रमांक 541/2026 और 544/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने लगातार दबिश और घेराबंदी कर सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो धारदार चाकू और एक तलवार बरामद की गई, जिन्हें जब्त कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में रोशन मंडावी, सोनू मरावी, सुनील निर्मलकर, नरेंद्र यादव, हर्ष फ्रांसीस, एन. हरिश, निखिल मानिकपुरी और ओम प्रकाश लहरे शामिल हैं। सभी आरोपी सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान कुछ आरोपी पुलिस की घेराबंदी से बचने के लिए भागने लगे, लेकिन भागते समय गिर जाने से उन्हें चोटें आईं। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया।

बिलासपुर पुलिस का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने, हथियार लेकर घूमने और मारपीट जैसी घटनाओं में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।