बेमेतरा, 27 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन, जिला बेमेतरा और समाधान महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में एकेडमिक वर्ल्ड स्कूल बेमेतरा में आयोजित “समर्थ गुरु-2026” शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला एवं “प्रतिभा सम्मान समारोह-2026” में पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल (IPS) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश कुमार यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जिलेभर के 450 से अधिक शिक्षक, शिक्षाविद्, विद्यालय संचालक, प्राचार्य, विद्यार्थी और पालक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक एवं नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों से जोड़ना और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों व शिक्षकों को सम्मानित करना था। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश कुमार यादव का शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी त्रिलोक बंसल ने कहा कि अनुशासन और समर्पण ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण का शिल्पकार बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और समय के बेहतर उपयोग के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
एसपी बंसल ने परीक्षा की तैयारी को लेकर विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि करियर की शुरुआत समय रहते करने और सही दिशा में मेहनत करने से सफलता की राह आसान हो जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में अनुशासन अपनाने और कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहने का आह्वान किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव ने भी विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए निरंतर सीखने, आत्मसंयम और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि एक प्रेरणादायी शिक्षक विद्यार्थियों में सीखने की जिज्ञासा, आत्मविश्वास और बेहतर व्यक्तित्व का निर्माण करता है। उन्होंने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
प्रतिभा सम्मान समारोह के दौरान सीबीएसई एवं सीजी बोर्ड की कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं के जिला टॉप-10 विद्यार्थियों सहित विभिन्न विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और समाधान महाविद्यालय के प्रतिभाशाली छात्रों को स्वर्ण पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इसके साथ ही जिले के विभिन्न विद्यालयों और समाधान महाविद्यालय के करीब 50 उत्कृष्ट शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान, नवाचार और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुनि इंटरनेशनल स्कूल दिल्ली के संस्थापक एवं अध्यक्ष अशोक ठाकुर, फाजिल लर्निंग एंड इनोवेशन संस्थान के संस्थापक सैय्यद फाजिल, कृष्णा पब्लिक स्कूल समूह के कार्यकारी निदेशक आशुतोष त्रिपाठी, एकेडमिक वर्ल्ड स्कूल के सीईओ विनीत राजोरिया, समाधान महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ. अवधेश पटेल सहित जिले के कई विद्यालयों के संचालक, प्राचार्य, शिक्षक, विद्यार्थी और पालक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

