बिलासपुर,26 जुलाई (वेदांत समाचार)। सिरगिट्टी थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और अंततः अपने ससुराल में छिपा मिला।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अमन यादव उर्फ राजा (26) निवासी वार्ड क्रमांक 9, सरगांव, जिला मुंगेली के खिलाफ थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 45/112/2024 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 एवं 296 के तहत मामला दर्ज है।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने पीड़िता को विवाह का झांसा देकर 21 अगस्त 2025 से लगातार उसका दैहिक शोषण किया। बाद में उसने दूसरी शादी कर ली और पीड़िता से विवाह करने से इंकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर 2 मई 2026 को अपराध दर्ज किया गया, जिसके बाद से आरोपी फरार था।
पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी अपने ससुराल चोर भट्ठी कला में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने वहां दबिश दी। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी घर के छज्जे में छिप गया, लेकिन पुलिस ने तलाशी लेकर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

