दर्दनाक हादसा : 50 यात्रियों से भरी तेज रफ़्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी में गिरी, नौ लोगों की मौत, कई घायल…सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

UP के सहारनपुर जिले में दर्दनाक हादसा हो गया है, जहाँ तेज रफ़्तार एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनबैलेंस होकर होकर नदी में जा गिरी। हादसे में ट्रैक्टर सवार 9 लोगों की मौत हो गयी और 6 अन्य घायल है। इस दुर्घटना में CM योगी आदित्यनाथ ने दुख जताते हुए मृतकों के परिजन को चार-चार लाख की सहायता राशि की घोषणा की है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी 50 लोग नदी में जा गिरे और तेज बहाव के साथ बह गये। घटना में 9 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में सुलोचना (58), मंगलेश (50), अदिति (पांच), और अंजू (12) के शव बुधवार रात को ही नदी से निकाल लिये गये थे। बाकी पांच अन्य शव आज निकाले गये हैं। उनकी शिनाख्त की जा रही है। नदी में डूबे अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

बताया जा रहा है कि गागलहेडी थाना क्षेत्र के बलेली गांव की रहने वाली 50 से ज्यादा महिलाएं, पुरूष और बच्चे जाहरवीर गोगा तीर्थ से ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर थाना देहात कोतवाली क्षेत्र के रण्डौल गांव जा रहे थे। इस सदौरां यह हादसा हुआ है। पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विपिन टाडा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू कराया। हादसे में घायल 6 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

CM  ने किया 4-4 लाख मुआवजे का ऐलान 

इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता तत्काल देने के निर्देश दिये हैं। साथ ही घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर अधिकारियों को समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।